महोबा, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में दो दिन हुई लगातार बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। बारिश से जनपद में आठ से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए तो वहीं इससे लोगों की हजारों की गृहस्थी बर्बाद हो गई। उर्मिल बांध का पानी घरोंं में घुसने से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो रहा है।
जनपद के कस्बा अजनर में लगातार हो रही बारिश से कच्चा मकान ढहने से दंपती समेत तीन लोग दबकर घायल हो गए। जिसमें अजनर निवासी रामप्रसाद (55) अपनी पत्नी शीला (47) और भाई रमेश (51) के साथ रात को भोजन करके कच्चे मकान में सो गए। देर रात कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इससे दंपती समेत तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना लेखपाल व राजस्व विभाग को दी गई।
दूसरी घटना जनपद के कबरई कस्बा में हुई जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कस्बे के भगत सिंह नगर में बेवा जगदम्बा वर्मा का मकान गिर गया। पति की मौत के बाद बेवा पिछले चार सालों से छह बच्चों के साथ कच्चे मकान में रह रही थीं।
मलबे में रसोई का सामान, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं दबकर बर्बाद हो गई हैं। इसी तरह इसी मुहाल के ही रमन तिवारी, खिल्लू अहिरवार और बोधी अनुरागी के मकान भी ढह गए।
—————
(Udaipur Kiran) / उपेन्द्र द्विवेदी
