HimachalPradesh

आलाकमान का आदेश सर्वोपरि, नई जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा: रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर

शिमला, 07 अगस्त (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चाएं तेज़ हैं और सबसे अधिक नाम शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का चर्चा में है। इसी बीच रोहित ठाकुर ने गुरुवार को राज्य सचिवालय में एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए इन अटकलों पर बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी में आलाकमान का आदेश कोई टाल नहीं सकता और अगर उन्हें कोई नई जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो वे कभी पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि वे फिलहाल शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी मौजूदा जिम्मेदारी से संतुष्ट हैं, लेकिन अगर पार्टी आलाकमान कोई नई जिम्मेदारी सौंपता है, तो वे उससे पीछे नहीं हटेंगे। रोहित ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में सभी मंत्रियों ने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखी है और अधिकांश मंत्री अपनी जिम्मेदारियों से संतुष्ट हैं। हालांकि कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे की कमी को भी उन्होंने स्वीकार किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्ति न होने की वजह से पार्टी को नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनावों से पहले पार्टी के संगठनात्मक ढांचे का गठन बहुत जरूरी हो गया है। इससे पार्टी जमीनी स्तर पर मज़बूत होगी और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा मिलेगी।

बैठक को लेकर रोहित ठाकुर ने बताया कि यह विभाग की नियमित समीक्षा बैठक थी, जिसमें शिक्षा विभाग की योजनाओं, स्कूलों की स्थिति और आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इस बार की बरसात से प्रदेश भर में 500 से अधिक स्कूलों को नुकसान पहुंचा है। इनमें अकेले मंडी जिले में 200 से ज्यादा स्कूल प्रभावित हुए हैं। विभाग अब इन स्कूलों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए बजट तैयार कर रहा है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि विधानसभा का मानसून सत्र आने वाला है, जिसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभागीय योजनाओं और नीतियों की प्रगति पर भी समीक्षा की गई है ताकि सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखा जा सके।

गौरतलब है कि हिमाचल कांग्रेस में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही है और राजनीतिक गलियारों में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। ऐसे में उनके ताज़ा बयान से साफ है कि अगर पार्टी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी देती है तो वे उसे पूरी गंभीरता से निभाने को तैयार हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top