बांदा में मरका पुलिस का बड़ा खुलासा
बांदा, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में थाना मरका में दर्ज दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में बड़ा मोड़ आते हुए पुलिस ने कथित मृतका रागिनी को महाराष्ट्र से जीवित बरामद कर सनसनीखेज खुलासा किया है। यह वही रागिनी है, जिसकी मौत का दावा उसके पिता बिन्दा प्रसाद ने किया था और इसी आधार पर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
गौरतलब है कि थाना मरका क्षेत्र के कुम्हेणा निवासी बिन्दा प्रसाद ने न्यायालय में अपील दायर कर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को 5 लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग को लेकर ससुरालजन प्रताड़ित करते थे तथा दो वर्ष पूर्व उसकी हत्या कर शव गायब कर दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 02 सितंबर 2025 को धारा 498A, 304B तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम (दहेज हत्या) के अंतर्गत मामला दर्ज किया था।
अभियोग की विवेचना क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह के नेतृत्व में की जा रही थी। पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों को खंगाला और इसी क्रम में मामला पूरी तरह पलट गया।
जांच में सामने आया कि रागिनी की शादी 23 फरवरी 2023 को अखिलेश कुमार निवासी जयरामबारी, थाना अतर्रा से हुई थी। बरामद होने के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि वह अक्टूबर 2023 में खुद ही महाराष्ट्र चली गई थी और वहीं रह रही थी। उसने बीते दो वर्षों में न मायके से और न ही ससुराल से कोई संपर्क किया।
थाना मरका और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा रागिनी को जीवित पाकर सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी देते हुए शनिवार को क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह बरामद महिला को न्यायालय में पेश किया गया। अब पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह