
रुड़की में भाजपा प्रबुद्धजन सम्मेलन
हरिद्वार, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी, जिला रुड़की द्वारा प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, विधायक प्रदीप बत्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रबुद्ध वर्ग के नागरिक मौजूद रहे। अपने संबोधन में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल इंडिया, किसानों और गरीबों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है। शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स पर काम तेजी से चल रहा है। राज्य सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने संगठन की मजबूती और प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने विचार रखे और कई प्रश्न पूछे, जिनका भाजपा पदाधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश व जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
