Jharkhand

रांची सदर अस्‍पताल का मॉडल पूरे राज्‍य में होगा लागू : इरफान

प्रेस वार्ता करते स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री

रांची, 24 जुलाई (Udaipur Kiran) । स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने रांची सदर अस्पताल के आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन में देशभर में पहला स्थान प्राप्त करने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल ने इतिहास दर्ज किया है। मंत्री गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में आयो‍जित प्रेस वार्ता कर बोल रहे थे। अंसारी ने कहा कि बाइक एंबुलेंस सेवा जल्‍द शुरू की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों तक त्वरित स्वास्थ्य सुविधा पहुंचेगी। उन्‍होंने बताया कि सदर अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया पर कार्य हो रहा है। मंत्री ने कहा की झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति के दौर से गुजर रहा है। सदर अस्पताल इसका उदाहरण है। हम पूरे राज्य में इस मॉडल को दोहराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि यह गौरवपूर्ण क्षण है कि रांची सदर अस्पताल ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त कर झारखंड को गौरवान्वित किया है। यह अस्पताल इस बात का प्रमाण है कि राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हो रहा है। सदर से अब अन्य अस्पताल भी प्रेरणा लेंगे।

सदर अस्पताल में अब 44 निजी डॉक्टर सेवा दे रहे हैं जो निःस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा में समर्पित हैं। इसके लिए सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी बधाई के पात्र हैं।

मौके पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि रांची सदर अस्पताल ने अब तक दो लाख से अधिक आयुष्मान कार्डधारकों को नि:शुल्क उपचार प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। इसमें हृदय, छाती, किडनी रोग जैसे गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं।

मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक अबू इमरान भी मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top