Uttar Pradesh

मिशन शक्ति के तहत सुनी महिलाओं की समस्याएं, दिया सशक्तिकरण का संदेश

कार्यक्रम मे शामिल महिलाएं,व  पुलिस अफ़सर

वाराणसी, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में मिशन शक्ति फेस-5 के अंतर्गत गुरुवार को थाना राजातालाब में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करना था। “सशक्त नारी, सशक्त प्रदेश” के संदेश के साथ अफसरों ने महिलाओं को जागरूक किया।

राजातालाब थाना स्थित महिला सुरक्षा केंद्र की ओर से महिलाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति फेस-5 के सहायक नोडल अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक दयाराम, उपनिरीक्षक अंकुर कुमार, महिला उपनिरीक्षक मानसी यादव, महिला कांस्टेबल सुषमा पटेल, विमला और कांस्टेबल जितेंद्र शाह की टीम ने महिलाओं को विस्तार से केंद्र की कार्यप्रणाली और सहायता प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मौके पर ही महिलाओं की शिकायतों को सुना गया और महिला सुरक्षा केंद्र की टीम ने त्वरित निस्तारण की व्यवस्था भी की।

इसके साथ ही, राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और किसी भी प्रकार की समस्या में बिना संकोच थाना आने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें पुलिस थाने आने में संकोच नहीं होगा। यह कार्यक्रम उनके आत्मबल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ है।

————-

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top