
नई दिल्ली, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2025-26 के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को लेकर कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी, साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार, मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा, मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. राजेश सिंह, डीसीपी (उत्तरी जिला) राजा बंथा, दिल्ली पुलिस के अन्य अधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, प्रोवोस्ट और छात्रावास वार्डन उपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बैठक में स्पष्ट किया कि डूसू चुनाव में किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कॉलेज प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे अपने परिसरों में दीवारों पर विरूपण (डिफेसमेंट) को रोकने के लिए एमटीएस और पेंटर नियुक्त करें, ताकि कॉलेज के अंदर या बाहर ऐसी किसी गतिविधि को तुरंत ठीक किया जा सके। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वच्छ चुनाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कॉलेज स्तर के चुनाव मतपत्र के माध्यम से होंगे, जिनकी व्यवस्था संबंधित कॉलेज स्वयं करेंगे, जबकि डूसू पदाधिकारियों के चुनाव के लिए ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। प्राचार्यों, विभागाध्यक्षों और डीन को सलाह दी गई कि वे डूसू वेबपेज पर समय-समय पर जारी होने वाली अधिसूचनाओं का कड़ाई से पालन करें।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर और प्रासंगिक निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं। बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि मतदान प्रक्रिया और परिणामों की घोषणा समय पर और पारदर्शी ढंग से हो।
डीसीपी (उत्तरी जिला) राजा बंथा ने डूसू चुनाव के सुचारू संचालन के लिए हर संभव पुलिस सहायता का आश्वासन दिया। दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली पुलिस ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों और डूसू चुनाव दिशानिर्देशों के उल्लंघन के खिलाफ सख्ती बरतने की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि डूसू चुनाव 18 सितंबर को होंगे और परिणाम 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
