
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली नगर निगम द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इन्हीं तैयारियों के मद्देनजर शनिवार को दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने शालीमार बाग, प्रेम बड़ी पुल, हैदरपुर तथा पीतमपुरा क्षेत्रों में स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग, जल निकासी और कचरा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष सफाई टीमें तैनात की जा रही हैं, जो लगातार घाटों की सफाई एवं कचरा उठाने का कार्य करेंगी ताकि किसी को असुविधा न हो।
महापौर ने बताया कि दिल्ली नगर निगम ने प्रति वार्ड 40,000 रुपये की राशि छठ घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जारी की है, जिससे श्रद्धालुओं को शाम और रात्रि के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी की व्यवस्था से विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक एकता और सामुदायिक सद्भाव का भी प्रतीक है। उन्हाेंने कहा कि दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य है कि हर व्रती एवं श्रद्धालु इस पावन पर्व को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कर सके।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने नागरिकों से अपील की कि छठ पूजा के दौरान प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग न करें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में दिल्ली नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, स्वच्छता और समरसता का संदेश देने वाला पर्व है और सभी को इसे मिलकर सफल बनाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, क्षेत्रीय उपायुक्त संदीप कुमार तथा निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी