
नई दिल्ली, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने शुक्रवार को नगर निगम में आम आदमी पार्टी (आआपा) द्वारा जलभराव को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी का एकमात्र एजेंडा है न खुद काम करेंगे और न ही दूसरों को करने देंगे।
दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए ने बताया कि निगम सदन की बैठक में नालों की सफाई को लेकर एक शॉर्ट नोटिस लाया गया था। जिस पर गंभीर चर्चा होनी थी। लेकिन आम आदमी पार्टी के पार्षद जानते थे कि भाजपा ने दो महीनों के भीतर उनसे कहीं बेहतर कार्य किया है। इसीलिए वे चर्चा से भाग खड़े हुए और अब आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगे हैं।
महापौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को निगम की सत्ता संभाले हुए अभी मात्र दो महीने हुए हैं लेकिन इतने कम समय में ही नालों की सफाई को लेकर ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में चार फुट तक गहराई वाले कुल 800 नाले हैं। जिनकी कुल लंबाई 530.84 किलोमीटर है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नगर निगम द्वारा लगभग 77,000 मीट्रिक टन गाद की निकासी की गई थी। जबकि इस वर्ष मात्र दो महीनों में ही 1.40 लाख मीट्रिक टन गाद की रिकॉर्ड निकासी की गई है। यह भाजपा के कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और तत्परता को दर्शाता है।
महापौर ने आम आदमी पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में नालों की सफाई और जलभराव को लेकर कोई चिंता होती तो वे सदन की बैठक में भाग लेते और रचनात्मक चर्चा करते। लेकिन इसके बजाय वे लगातार व्यवधान उत्पन्न कर सदन को बाधित कर रहे हैं।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आआपा 10 साल तक दिल्ली की सत्ता पर काबिज थी उन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं किया और भाजपा सत्ता संभालते ही सभी कार्यों में तेजी लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि एक-दो जगह को यदि छोड़ दें तो कहीं पर भी जलभराव की स्थिति देखने को नहीं मिली और आज भी उसी प्रकार बारिश के बाद कहीं पर भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। यह दर्शाता है कि भाजपा लगातार कार्य कर रही है।
महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम भाजपा के नेतृत्व में नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
