
सोनीपत, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । पांच महीने से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कुलदीप
को सोनीपत पुलिस ने लोनी बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी कुलदीप यहां पर गोल्ड मेडलिस्ट
पावरलिफ्टर वंश हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी की जानकारी एसीपी राजपाल ने
सोमवार को पत्रकार वार्ता में दी। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस ने उसे पांच दिन
की रिमांड पर लिया है।
प्रगति नगर निवासी वंश की 9 फरवरी 2025 को दिनदहाड़े गोली
मारकर हत्या कर दी गई थी। मामूली वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले
लिया था। चश्मदीदों के अनुसार, वंश के टोकने पर कुलदीप ने कार से पिस्टल निकाली और
नशे की हालत में पांच गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल वंश की नागरिक अस्पताल में
इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
कुलदीप मूल रूप से गोहाना के गांव रिढाऊ का रहने वाला है,
जो फिलहाल प्रगति नगर में रह रहा था। हत्या के बाद से वह फरार था। जबकि उसकी पत्नी
और बेटा पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कुलदीप को पकड़ने का जिम्मा सीआईए-1 प्रभारी
बीर सिंह को सौंपा गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लोनी बॉर्डर पर दबिश देकर
उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे कहां और किससे
मदद मिली।
वंश एक होनहार पावरलिफ्टर था जिसने 2023 में जिला स्तर पर
74 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। 2024 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता
में उसने रजत पदक भी हासिल किया था। पुलिस के अनुसार कुलदीप के खिलाफ पूर्व में भी
दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब हत्या का मामला भी जुड़ गया है। रिमांड के दौरान उससे
और पूछताछ की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
