
नई दिल्ली, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि 15 अगस्त का दिन हर भारतीय के दिल में गर्व और आत्मसम्मान का भाव जगाता है।
बिरला ने कहा कि यह दिन हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और राष्ट्रनायकों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिनके संघर्ष और तपस्या से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज हमें गर्व है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। विज्ञान, चिकित्सा, तकनीकी, अंतरिक्ष और खेल जैसे क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। आज का भारत आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा करना और उसकी गरिमा को बढ़ाना हर नागरिक का कर्तव्य है। आने वाली पीढ़ियों को एक और भी समृद्ध भारत सौंपने का संकल्प लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आज़ादी के समय 40 करोड़ भारतीयों ने अपने पुरुषार्थ से स्वतंत्र भारत का सपना पूरा किया, उसी तरह आज 140 करोड़ भारतीय मिलकर समृद्ध भारत का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हर नागरिक यह संकल्प ले कि वह अपने हर कर्तव्य को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से निभाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
