
जौनपुर,17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के मानव संसाधन विकास (एच.आर.डी.) विभाग में दीपावली के अवसर पर ‘जगमग 2025’ दीपोत्सव का शुक्रवार को आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संगीतकार अनमोल साहू ने “एकता और सहयोग” को प्रगति का मंत्र बताते हुए अपने ‘द पैसेंजर’ बैंड की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि दीप का उत्सव ही दीपावली का सार है। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रसिकेश ने कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आत्म-विकास और सृजनशीलता का उत्सव है। उन्होंने गोपालदास ‘नीरज’ की प्रसिद्ध पंक्तियों के साथ मानव को “दीप की तरह प्रकाशवान बनने” का आह्वान किया। कहा कि ज्ञान का दीप ही सच्चे प्रकाश को स्रोत होता है। इसीलिए कहा गया है कि ज्ञानदीपो भव। शिक्षक अनुपम कुमार ने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली पर घर की सफाई करते हैं, वैसे ही हमें अपने अंतर्मन को भी नकारात्मक भावनाओं से शुद्ध करना चाहिए। डॉ. प्रवीण मिश्र ने छात्रों से समाज के उत्थान हेतु अपने ज्ञान को सार्थक दिशा में लगाने का संदेश दिया।प्रथम प्रस्तुति में अनु पांडेय, अमृता सिंह, खुशी सिंह और संजना मिश्र की गणेश वंदना ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। पद्मजाश्री ने दीपोत्सव के महत्व पर प्रभावशाली अंग्रेजी भाषण दिया, जबकि अनुराग तिवारी ने दीपावली के सामाजिक और सांस्कृतिक पक्ष पर हिंदी में विचार व्यक्त किया। पूजा साहू ने भारतीय सेना पर आधारित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की और श्रेया सिंह एवं साथियों ने भजन गायन से वातावरण को सुरमय बनाया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संगीतकार अनमोल साहू, विभागाध्यक्ष डॉ. रसिकेश, अनुपम कुमार और डॉ. प्रवीण मिश्र द्वारा भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। धन्यवाद ज्ञापन आस्था सिंह ने दिया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन श्रेया सिंह और कुणाल मिश्र ने किया। समन्वय का कार्य शचि सिंह ने निभाया। इस अवसर पर विभाग के विद्यार्थी और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
