
धमतरी, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले के कुरुद नगर के डबरा पारा में धन की देवी श्री महालक्ष्मी जी का विसर्जन धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ किया गया। श्री जागृति लक्ष्मी गणेशोत्सव समिति डबरा पारा कुरुद द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पांच दिवसीय महालक्ष्मी उत्सव का आयोजन किया गया था, जिसका समापन शोभायात्रा एवं विसर्जन कार्यक्रम के साथ हुआ।
धूमाल की मधुर थाप और मनमोहक धुन पर सजे इस विसर्जन शोभायात्रा में नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भक्तों ने नाचते-गाते हुए मां लक्ष्मी का अंतिम दर्शन किया और घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। माता के जयकारों से पूरा वार्ड गूंज उठा। शोभायात्रा में महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। डबरा पारा में पिछले 16 वर्षों से लगातार श्री महालक्ष्मी जी की स्थापना की परंपरा चली आ रही है। इस वार्ड की विशेषता यह है कि यहां दीपावली पर्व पूरे समाज के लोग मिलकर मनाते हैं।
समिति के सदस्यों और वार्डवासियों द्वारा धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी की स्थापना की जाती है, इसके बाद पांच दिनों तक श्रद्धा और आस्था के साथ सुबह-शाम पूजन-अर्चना होता है। पर्व की समाप्ति के बाद सामूहिक विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन किया जाता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी प्रतीक बन चुका है। सभी लोग मिलकर दीपावली पर्व को सादगी और आपसी भाईचारे के साथ मनाते हैं। आयोजन को सफल बनाने जागृति लक्ष्मी गणेशोत्सव समिति के सदस्य जुटे रहे। बसंत ध्रुव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में प्रेम, एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। डबरा पारा का यह पारंपरिक आयोजन आज पूरे कुरुद नगर के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा