

देहरादून, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी (दशहरा) पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।
राज्यपाल ने विजयदशमी की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा है कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार हमें अपने जीवन से नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता, सद्गुण और आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें एकजुटता, सहयोग और सह-अस्तित्व के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व को मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करें।
मुख्यमंत्री ने जारी संदेश में कहा कि हम सभी को अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर जीवन में सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा भी यह पर्व देता है। आज जरूरत इस बात की है कि हम अपने जीवन में अहंकार से मुक्त होकर सच्चाई के रास्ते पर चलें और प्रदेश व देश की सामाजिक समरसता के लिए मिलजुल कर कार्य करें। यह पर्व हमें इस बात का भी स्मरण कराता है कि सच्चाई का साथ देने वालों की हमेशा जीत होती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि बुराई पर अच्छाई की विजय के इस पावन पर्व पर भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन को सार्थक बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म और सत्य की विजय के इस मंगल पर्व पर प्रभु श्रीराम से यही प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका कल्याण हो, हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आये।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
