Uttar Pradesh

देश को आत्मनिर्भर बनाना अभियान का लक्ष्य : शशांक मणि

फोटो

देवरिया, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आत्मनिर्भर भारत अभियान के निमित्त जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद शशांक मणि ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य देश को सभी क्षेत्रों में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान का लक्ष्य स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देना, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की भूमिका बढ़ाना और आर्थिक लचीलेपन में सुधार करना है।

भाजपा सांसद ने कहा कि यह अभियान अर्थव्यवस्था के पांच स्तंभों पर केंद्रित है, अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढाँचा, व्यवस्था (सिस्टम), मांग, और जीवंत जनसांख्यिकी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत हमे व्यापक जनसंपर्क करके आम जनमानस को जागरूक करने का काम करना होगा।

जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में स्वदेशी समानों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि हमारे स्वदेशी उत्पाद अन्य की अपेक्षा ज्यादे गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ होते हैं और इससे हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी अपनाना होगा। विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करनी होगी। बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है तो हमें वोकल फॉर लोकल पर दृढ़ता के साथ कार्य करना होगा। बैठक का संचालन अभियान के संयोजक व जिला महामंत्री प्रमोद शाही ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, संजय सिंह एडवोकेट, जयनाथ कुशवाहा गुड्डन, सचिंद्र शाही दीपू, रामजी सिंह, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, छठू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / ज्योति पाठक

Most Popular

To Top