
आगरा, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । शुक्रवार को आगरा में गुरु का ताल गुरुद्वारा अहाते में भारत रक्षा मंच का चतुर्थ अखिल भारतीय अधिवेशन प्रारम्भ हो गया। तीन दिवसीय इस आयोजन में देश भर से आए संगठन के करीब दो हजार प्रतिनिधि सनातन विचारधारा, राष्ट्रभक्ति और हिंदू पुनर्जागरण के संकल्प को लेकर जोश और उत्साह के साथ इकट्ठे हुए हैं। अधिवेशन का शुभारम्भ भारत माता, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु तेग बहादुर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच द्वारा गुरुद्वारा सभागार में विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
भारत रक्षा मंच का आगरा में चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन के रूप में यह बड़ा कार्यक्रम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष उज्जैन के सांसद डा0 सत्यनारायण जटिया ने की और प्रमुख रूप से सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय, महा मंडलेश्वर बाबा महादेव, चिराग उपाध्याय, सूर्यकांत केलकर, संजय गुप्ता, राजीव जयराम, आदि मंचासीन रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में एडवोकेट अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि सिर्फ नारों नहीं, शिक्षा, संस्कारों और सख्त कानून से ही रामराज्य सम्भव है। उन्होंने कहा कि सिर्फ नारा देने से रामराज नहीं आएगा बल्कि शिक्षा, संस्कार और कानून के खौफ से ही राम राज्य की स्थापना सम्भव है। धर्मांतरण एक राष्ट्रीय समस्या है इसे राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में सूचीबद्ध करने की आज बहुत जरूरत है।
मंच के राष्ट्रीय संरक्षक बाबा महादेव ने कहा कि जिस सनातन धर्म में महाभारत जैसे ग्रंथ हुए, उसके अनुयायी सैकड़ों वर्ष गुलाम रहे, यह बड़ी विडम्बना है। हमें इसके लिए विचार मंथन कर अपनी गलतियों का सुधार करना होगा।
भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उज्जैन के सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया ने कहा कि देश की रक्षा का दायित्व केवल सेना या सरकार का नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। देशभक्ति का भाव ही भारत को प्रेरणा और प्रखरता प्रदान कर सकता है। हिंदू समाज का पुनर्जागरण ही राष्ट्र की रीढ़ को सशक्त बनाएगा, और यह समय अब आरंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारत की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्हें भारत की संस्कृति, सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास हम सभी को मिलकर करना ही होगा।
कार्यक्रम आयोजन मंडल के अध्यक्ष श्रीनिवास गुप्ता ने बताया कि शनिवार प्रातः 10 बजे अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या द्वारा किया जाएगा। डॉ. आरसी मिश्रा चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करेंगे। शाम 4 बजे शोभायात्रा का शुभारम्भ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर करेंगी। शाम 6.30 बजे आमसभा का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को भारतीयकरण पर चर्चा, प्रस्ताव सत्र, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री का मार्गदर्शन होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Vivek Upadhyay
