
जींद, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दशहरा पर्व गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया। रेलवे जंक्शन स्थित स्कूल मैदान व अर्जुन स्टेडियम में रावण, कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतले फूंके गए।
इस मौके पर शहर में कई जगहों पर मेलों का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने जमकर खरीददारी की। अर्जुन स्टेडियम में रावण दहन के चलते देर शाम वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विजय दशमी पर्व पर मंदिरों में भी विशेष पूजा तथा यज्ञ का आयोजन किया गया। रेलवे जंक्शन स्कूल ग्राउंड के आसपास छोटे-छोटे झूले लगाए गए थे। बच्चों ने तीर कमान, तलवार खरीदे। वहीं राम, हनुमान के मुखौटे भी बच्चों में आकषर्ण का केंद्र रहे। ज्यों-ज्यों शाम नजदीक आती गई वैसे-ïवैसे अर्जुन स्टेडियम तथा रेलवे ग्राऊंड में भीड़ बढ़ती गई।
दशहरा पर्व को लेकर शाम को शोभायात्रा निकाली गई। राम, लक्ष्मण, हनुमान की आर्कषक झांकियां बनाई गई थी। अर्जुन स्टेडियम में किलेे वाली श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी की ओर से रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले जलाए गए। जिसमें मुख्यअतिथि के तौर पर विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा शामिल हुए। उधर, रेलवे रामलीला क्लब की ओर से रेलवे जंक्शन स्कूल ग्राउंड में रावण दहन किया गया। जींद शहर में दशहरा पर्व पर गुरूवार को अर्जुन स्टेडियम और जींद रेलवे जंक्शन ग्राउंड तथा गीता कालोनी में रावण के कुनबे का दहन किया गया।
रेलवे जंक्शन पर रेलवे रामलीला क्लब द्वारा बनवाए गए रावण के पुतले की ऊंचाई 45 फूट रही तो वहीं सनातन धर्म रामलीला क्लब द्वारा तैयार किए गए रावण के पुतले की ऊंचाई 50 फूट तथा कुंभकरर्ण और मेघनाथ के पुतले की हाइट 45 तथा 45 फूट रखी गई है।
खास बात यह है कि इस बार रावण की आंखों से लाइट जलती नजर आई। पुतलों में भरपूर आतिशबाजी का प्रयोग किया गया था। रावण के वध पर जम कर आतिशबाजी की गई। जिसका दर्शकों ने आनंद उठाया। श्री सनातन धर्म आदर्श रामलीला क्लब द्वारा अर्जुन स्टेडियम तक शोभा यात्रा निकाली गई।
विजय दशमी के अवसर पर पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल रही। पुलिस द्वारा दोनों ही जगह लोगों की भीड़ को देखते हुए बेरिकेटिंग की हुई थी। चौराहों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। दशहरा पर्व को लेकर बाजार में भीड़ भाड़ रही। लोगों ने जमकर खरीददारी की।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
