Delhi

केरल नगर पालिका के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के महापौर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों की ली जानकारी

महापौर के साथ रामनाथुकारा नगर  पालिका के प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्ली, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने सोमवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में केरल के रामनाथुकारा नगर पालिका के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का उद्देश्य एमसीडी द्वारा अपनाई गई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी प्राप्त करना था।

बैठक के दौरान महापौर राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम की नागरिक सेवाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विशेष रूप से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी रणनीतियों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दिल्ली जैसे विशाल और सघन आबादी वाले नगर क्षेत्र में एमसीडी नवाचार, कार्यकुशलता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से श्रेष्ठ नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एमसीडी अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को निगम की व्यापक अपशिष्ट प्रबंधन रणनीति के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में प्रतिदिन लगभग 11,500 मीट्रिक टन कचरा उत्पन्न होता है। जिसमें से लगभग 8,000 मीट्रिक टन का निपटान अपशिष्ट-से-ऊर्जा, कम्पोस्टिंग तथा अन्य वैज्ञानिक विधियों से किया जाता है। शेष 3,500 मीट्रिक टन के निपटान हेतु निगम द्वारा नई, तेज और टिकाऊ तकनीकों को अपनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल को कचरा उत्पत्ति से लेकर उसके प्राथमिक एवं द्वितीयक पृथक्करण, परिवहन और अंतिम निपटान की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने ओखला वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का दौरा कर निगम की अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

रामनाथुकारा नगर पालिका के प्रतिनिधिमंडल ने एमसीडी द्वारा साझा की गई विस्तृत जानकारी की सराहना की और कहा कि वे इन सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनी नगर पालिका में अपनाकर शहरी शासन को सुदृढ़ बनाने और सेवा वितरण को बेहतर करने का प्रयास करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में रामनाथुकारा नगर पालिका की अध्यक्ष पुष्पा व पार्षदगण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। जिन्होंने दिल्ली के महापौर और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। नेता सदन प्रवेश वही भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top