
जींद, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि यह पर्व न केवल प्रकृति से हमारे जुड़ाव का प्रतीक है बल्कि यह महिलाओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और उनके सामाजिक सशक्तिकरण का उत्सव भी है। आज का दिन हमारे लिए विशेष है। क्योंकि हम यहां महिला सांस्कृतिक केंद्रों के उद्घाटन के साक्षी बन रहे हैं। यह पहल न केवल महिलाओं को उनके कौशल, कला और संस्कृति को प्रकट करने का मंच देगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा सोमवार को स्थानीय चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सभागार में मनाए गए जिलास्तरीय तीज महोत्सव में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले डिप्टी स्पीकर ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तीज पर्व के अवसर कोथली देकर उनका उत्साह वर्धन किया। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज का त्योहार महिलाओं की आस्थाए सौंदर्य और सामूहिकता का प्रतीक है। झूले लोकगीत, मेंहदी और पारंपरिक वेशभूषा इस पर्व को जीवंत बनाते हैं। यह त्योहार हमें हमारी सांस्कृतिक जड़ों की याद दिलाता है और इन सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन उस विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और उनके विकास के लिए अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाया है। जिनमें उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जींद सहित पूरे हरियाणा में एक हजार महिला सांस्कृतिक केन्द्र खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत जींद जिला में प्रथम चरण के 38 केंद्रों का निर्माण किया गया है। यह उद्घाटन न केवल केंद्रों की स्थापना है बल्कि महिलाओं को सशक्तए आत्मनिर्भर व सम्मानित बनाने की दिशा में उठाया गया एक प्रभावी कदम है। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कार्यक्रम उपस्थित सभी बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी को मिलकर नारी शक्ति को सशक्त करने का संकल्प भी दिलवाया।
डिप्टी स्पीकर ने स्वयं सहायता समूहों व क्लस्टर फेडरेशन को किया सम्मानित
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कार्यक्रम के दौरान जिला में अच्छा कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया। जिसमें बाबा श्याम स्वयं सहायता समुह को जिला में प्रथम, दयागिर स्वयं सहायता समूह को द्वितीय और राधे-राधे समूह को तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार क्लस्टर स्तर के फेडरेशन को फंड मुहैया करवाया गया है। बेस्ट स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
