Chhattisgarh

मुख्यमंत्री साय 12 से 14 अक्टूबर तक महानदी भवन में प्रदेश के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे

-12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस

रायपुर, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 12 से 14 अक्टूबर तक महानदी भवन में प्रदेश के अधिकारियों से चर्चा करेंगे और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक की शुरुआत 12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस से होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री साय विकास योजनाओं का फीडबैक लेंगे। साथ ही जिलों में आयोजित रजत जयंती समारोहों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। इस बैठक में हाल ही में पदभार संभालने वाले नए मुख्य सचिव विकास शील गुप्ता पहली बार शामिल होंगे।

13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेंगे। इस बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा होगी। उसी दिन मुख्यमंत्री कलेक्टर और डीएफओ के साथ वन और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। आदिवासी समुदायों से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा इस दौरान की जाएगी।

बैठक का अंतिम दिन 14 अक्टूबर गुड गवर्नेंस समिट के नाम रहेगा। इसमें सुशासन से जुड़े मुद्दों और योजनाओं पर मंथन होगा। मुख्यमंत्री अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।

सभी सचिवों को निर्देश दिया गया है कि कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के मुख्य एजेंडा बिंदु मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और सामान्य प्रशासन विभाग के साथ साझा करें।

—————

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top