Uttrakhand

मुख्यमंत्री ने विमला गुंज्याल और यशपाल नेगी को दी बधाई, रिवर्स पलायन का प्रेरणादायक उदाहरण बताया

बिमला गुंजियाल को पुष्प हार पहनाकर प्रधान की जिम्मेदारी सौंपते ग्रामीण।
आईपीएस महिला बिमला गुंज्याल।

देहरादून, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विमला गुंज्याल के पिथौरागढ़ की गुंजी ग्राम पंचायत तथा पूर्व कर्नल यशपाल सिंह नेगी के पौड़ी की बिरगण ग्राम पंचायत से निर्विरोध ग्राम प्रधान निर्वाचित होने पर बधाई दी है। उन्होंने इसे रिवर्स पलायन का एक प्रेरणादायक और सुखद उदाहरण बताया।

मंगलवार को मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन दोनों सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों का ग्राम प्रधान चुना जाना पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देगा और उनके अनुभव से ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गुंजी और बिरगण ग्राम पंचायतें मॉडल ग्राम के रूप में उभरेंगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस प्रकार के उदाहरण दर्शाते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी व्यक्ति अपने अनुभव और सेवा भावना से गांव की प्रगति में अहम भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार ऐसे सभी प्रयासों को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आजीविका, कृषि, बागवानी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सतत कार्य कर रही है ताकि गांव आत्मनिर्भर बनें और रिवर्स पलायन की यह परंपरा मजबूत हो सके।

बिमला गुंजियाल बनी समाज की प्रेरणा

सेवानिवृत्त महिला आईपीएस अधिकारी विमला गुंजियाल (रिटायर्ड पुलिस महानिरीक्षक, उत्तराखंड पुलिस) तहसील धारचूला के सीमान्त वाइब्रेंट ग्राम गुंजी की निर्विरोध ग्राम प्रधान बनी हैं। वह अपने गांव गुंजी में निवास कर रही हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्रामीणों ने उन्हें गांव का निर्विरोध प्रधान चुना। बिमला गुंजियाल जो कभी वर्दी में प्रदेश की कानून-व्यवस्था संभालती थीं, अब गांव संभालेंगी। अब उनके सामने असली चुनौती गांव की जरूरतें, जैसे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और उससे आगे के दूरगामी विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की है।

———————

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Most Popular

To Top