HimachalPradesh

केंद्र ने हिमाचल को नहीं दी कोई खैरात, यह प्रदेश का हक : उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान

मंत्री हर्षवर्धन चौहान

शिमला, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । केंद्र सरकार से आपदा के लिए मिली राशि को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। भाजपा जहां इसे मोदी सरकार की बड़ी मदद बताकर सराहना कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार ने साफ कहा है कि हिमाचल को कोई खैरात नहीं मिली, बल्कि यह प्रदेश का हक है। सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा केंद्र से आई सामान्य सहायता को विशेष पैकेज बताकर जनता को गुमराह कर रही है।

उद्योग मंत्री ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि आपदा के दौरान केंद्र से हिमाचल को वही मदद दी गई है जो हर राज्य को आपदा राहत और बचाव के लिए मिलती है। इसमें किसी तरह की अतिरिक्त या विशेष मदद नहीं दी गई है। भाजपा इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि आपदा में हिमाचल को जरूरत के मुताबिक सहायता नहीं मिली। चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकट परिस्थितियों के बावजूद आपदा राहत मैनुअल में बदलाव कर प्रभावितों को वास्तविक राहत पहुंचाई है।

उन्होंने बताया कि 2023 में प्रदेश को आपदा से लगभग 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ था और 2025 में यह आंकड़ा 5 हजार करोड़ से अधिक है। इसके मुकाबले हिमाचल को बीते पांच साल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य माध्यमों से केवल 4,253 करोड़ रुपये मिले हैं। जबकि हिमाचल को विशेष आर्थिक पैकेज की आवश्यकता थी, जो अब तक केंद्र ने नहीं दिया है।

हर्षवर्धन चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह केंद्र सरकार की प्रशंसा करते हैं जैसे हिमाचल में पैसों की नदियां बहा दी गई हों। चौहान ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर केवल सिराज विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नेता हैं। वह दिल्ली जाकर केंद्र से सिराज के लिए विशेष प्रोजेक्ट और पैसे की मांग करते हैं, जबकि उन्हें पूरे हिमाचल की बात रखनी चाहिए।

उद्योग मंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं का काम केवल केंद्र की वाहवाही करना और जनता को गुमराह करना रह गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि हिमाचल को आपदा की गंभीर स्थिति में केंद्र से उतनी मदद नहीं मिली, जितनी मिलनी चाहिए थी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top