गोरखपुर, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुलरिहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह वॉलीबॉल खिलाड़ी की घर के कमरे में फंदे से लटकती हुई लाश मिली है। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
खिलाड़ी की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोगों का कहना है ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में फंसकर खिलाड़ी ने सुसाइड किया होगा। वहीं गुलरिहा पुलिस का कहना है-पूछताछ में अभी तक सुसाइड का कारण पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।
कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र के सिक्टा निवासी आदर्श सिंह (18) अपनी बहन निधि सिंह के साथ शहर में किराए का घर लेकर पढ़ाई कर रहे थे। गुलरिहा के शिवपुर सहबाजगंज में नीलू श्रीवास्वत के मकान में 22 सितम्बर 2024 से किराए का कमरा लेकर रहना शुरू किए थे। आदर्श सिंह एमपी इंटर कालेज में इंटर का छात्र था। साथ ही वालीबॉल का अच्छा खिलाड़ी भी था। बहन निधि सिंह फातिमा अस्पताल में डीएमटी नर्सिंग ट्रेनिंग की कोर्स करती है। रविवार को रात में भाई-बहन खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। निधि अंदर के कमरे में दरवाजा बंद कर सोई थी। निधि ने बताया रात 11 बजे दरवाजा खोली तो आर्दश मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था। उसे सोने के लिए कहकर अपने कमरे में चली गई।
सोमवार सुबह 7 बजे निधि ने दरवाजा खोला तो आदर्श सिंह चादर के फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर निधि चीखने चिल्लाने लगी। आस-पास के लोग और मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। गुलरिहा पुलिस पहुंचकर फंदे से लटक रहे आदर्श सिंह के शव को नीचे उतारा। आदर्श टीशर्ट व हाफ पैंट पहना हुआ था। आदर्श के पिता प्राइवेट वाहन चलाते हैं। बच्चों को गोरखपुर में रखकर पढ़ाई कराते थे। दोनों बच्चे होनहार थे। आदर्श के चाचा गोविंद सिंह गांव के प्रधान हैं। पुलिस को निधि सिंह ने बताया कि भाई पढ़ाई व खेल में काफी रुचि रखता था। ऐसा कदम उसने क्यों उठाया। इसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय
