CRIME

पंजाब की युवती का शव वृंदावन गेस्टहाउस के बंद कमरे में मिला, संचालक फरार

पुलिस पूछताछ करते हुए इंसेट में सीओ सिटी जानकारी देते हुए

मथुरा, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । वृंदावन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुष्पांजलि बैकुंठ आवासीय कालोनी में मंदिर के ऊपरी चल रहे गेस्टहाउस के बंद कमरे में गुरुवार रात एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कर्मचारी कक्ष का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। मृतका के गले में चोट के निशान हैं।

पुलिस ने शुक्रवार को फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए। युवती पंजाब की रहने वाली है। चार दिन पूर्व गेस्टहाउस संचालक उसे अपने साथ लेकर आया था। घटना के बाद संचालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा। संचालक को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।

गौरतलब हो कि, वृंदावन क्षेत्र के रुक्मिणी विहार की पुष्पांजलि बैकुंठ आवासीय कालोनी स्थित गोविंद की गली के मुकुंदम मंदिरम के ऊपरी तल पर गेस्टहाउस के मालिक दिल्ली निवासी अशोक कुमार ने संचालन की जिम्मेदारी राजस्थान के झुंझुनूं के गांव ब्रजपुरा निवासी 38 वर्षीय सुनील को दे रखी है। गेस्टहाउस के नीचे मंदिर की पूजा आगरा के थाना फतेहाबाद के गांव गढ़ीवदे निवासी 40 वर्षीय राघवेंद्र कर रहे हैं। गेस्टहाउस में छह कमरे हैं। ऊपरी मंजिल पर एक स्टोर व कर्मचारी कक्ष है।

राघवेंद्र ने बताया गुरुवार शाम पांच बजे उन्हें नजर आया कि गेस्टहाउस खुला पड़ा है और किसी की आवाजाही नहीं है। उन्होंने ऊपर जाकर देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गेस्टहाउस के बंद पड़े कर्मचारी कक्ष के दरवाजे तोड़ा तो बाथरूम में युवती का शव मिला। गर्दन पर दबे होने के निशान थे। पुजारी ने बताया गेस्ट हाउस संचालक सुनील करीब चार दिन पहले ही इस युवती को लेकर अपने साथ गेस्टहाउस में आया था। गुरुवार को सुनील फरार था। सुनील से सम्पर्क नहीं हो सका। मृतका के आधार कार्ड से उसकी पहचान पंजाब के फाजिल्का स्थित वीपीओ चंदनखेड़ा निवासी बलवीर की 30 वर्षीय पुत्री सुनीता रानी के रूप में हुई। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि युवती की पहचान हो गई है। गले में चोट के निशान मिले हैं।

(Udaipur Kiran) / महेश कुमार

Most Popular

To Top