Haryana

हिसार : विश्वविद्यालय की रीढ़ की हड्डी हैं गैर शिक्षक कर्मचारी : प्रो. नरसीराम बिश्नोई

नवनिवार्चित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का उद्घाटन करते कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई।
नवनिवार्चित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई।

गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के नवनिवार्चित पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण समारोहहिसार, 6 अगस्त (Udaipur Kiran) । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा है कि गैरशिक्षक कर्मचारी विश्वविद्यालय की रीढ़ की हड्डी होते हैं। केवल शिक्षक व अधिकारी ही नहीं बल्कि सभी गैर शिक्षक कर्मचारी भी साथ मिलकर गुजविप्रौवि को विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय बना रहे हैं।कुलपति नरसीराम बिश्नोई बुधवार काे विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ के नवनिवार्चित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। विश्वविद्यालय के चौ. रणबीर सिंह सभागार में हुए इस समारोह की अध्यक्षता कुलसचिव डा. विजय कुमार ने की। कुलपति ने नवनिर्वाचित कर्मचारियों से कहा कि यह शपथ ग्रहण समारोह केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह एक नई ऊर्जा व सकारात्मक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का यह निर्वाचन उनके प्रति विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का विश्वास है। पदाधिकारियों को यह विश्वास बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आरंभ किए नए रोजगारपरक कोर्सों के चलते इस वर्ष विद्यार्थियों की संख्या लगभग 12 हजार हो रही है। ऐसे में गैरशिक्षक कर्मचारियों के नए पदों की मांग भी सरकार को भेजी गई है। कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों को तेजी से हल किया जा रहा है। क्लर्कों की इन्क्रीमैंट का मामला सुलझा दिया गया है। 29 प्रमोशन कर दी गई हैं। शेष सभी समस्याओं को भी सुलझा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि निर्धारित समय पर अपने कार्यालयों में लगन व निष्ठा से काम करें ताकि हम अपने विश्वविद्यालय को और ऊंचाइयों पर ले जा सकें। कुलपति ने नवनिर्वाचित कर्मचारियों को शपथ भी दिलवाई।कुलसचिव डा. विजय कुमार ने कहा कि इस चुनाव से निर्वाचित कर्मचारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को समाज कल्याण व विश्वविद्यालय कल्याण का दायित्व दिया गया है। उन्होंने आह्वान किया कि पदाधिकारी विश्वविद्यालय परिवार के हित के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने आज जो शपथ ली है, वे उस शपथ के अनुसार आचरण भी करें तथा विश्वविद्यालय के विकास में अपना योगदान दें। नवनिर्वाचित प्रधान चरणदास अठवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वे उसका निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर कर्मचारियों के लिए विश्वविद्यालय में कैश लैस मैडिकल सहायता उपलब्ध करवाने तथा कर्मचारियों की प्रमोशन का मुद्दा उठाया।समारोह में कर्मचारी नेता धर्मबीर फोगाट, बिजेंद्र धारीवाल तथा उपप्रधान नेकीराम ने भी अपने विचार रखे। नवनिर्वाचित महासचिव राममेहर दुहन, मनीष भारद्वाज, सहसचिव माया देवी, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह दूड़ा भी मंच पर उपस्थित रहे। महासचिव राममेहर दुहन ने धन्यवाद किया जबकि मंच संचालन महेंद्र शर्मा ने किया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top