पटना, 03 जुलाई (Udaipur Kiran) । जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोलते हुए उन्हें ‘झूठ आधारित राजनीति’ का ब्रांड एंबेसडर करार दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति पूरी तरह झूठ की बैसाखियों पर टिकी है और वे इन्हीं के सहारे 2025 की चुनावी बैतरनी पार करना चाहते हैं लेकिन बिहार की जागरूक जनता उनके नापाक मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी।
प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा ने गुरुवार काे यहां कटाक्ष करते हुए कहा कि या तो तेजस्वी यादव को जमीनी हकीकत की समझ नहीं है, या फिर वे जानबूझकर सच को स्वीकार करने से बच रहे हैं। पिछले दो दशकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कानून-व्यवस्था, रोजगार, औद्योगिक विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक प्रगति बिहार ने की है, उसकी स्पष्ट तस्वीर प्रदेश के कोने-कोने में दिखाई देती है।
उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार ने जो बदलाव देखा है, उससे प्रदेश का हर नागरिक भलीभांति परिचित है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव नहीं चाहते कि उनके माता-पिता के 15 वर्षों के शासनकाल को लेकर कोई सवाल पूछे, इसलिए वे लगातार अनर्गल बयानबाजी कर जनता का ध्यान भटकाने में लगे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विपक्ष चाहे जितनी भी तिकड़म कर ले, न लालू-राबड़ी के जंगलराज की सच्चाई को भुलाया जा सकता है, और न ही बदलते हुए बिहार की तस्वीर को छिपाया जा सकता है। जनता अपना मन बना चुकी है, 2025 के चुनाव में झूठ और फरेब की राजनीति करने वालों का एक बार फिर सफाया तय है।
—————
(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी
