Haryana

हिसार : मोक्ष वृद्धाश्रम में मनाया तीज महोत्सव

मोक्ष वृद्धाश्रम में आयोजित तीज महोत्सव व हरियाली तीज संकीर्तन में उपस्थित गणमान्य लोग एवं बुजुर्ग।

हिसार, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । बुजुर्गों के प्रति सेवार्थ भाव से समर्पित मोक्ष वृद्धाश्रम में तीज महोत्सव व हरियाली तीज संकीर्तन धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायिका निशा दीदी व सुनीता सातरोड़िया की मंडली ने भजनों व गीतों के माध्यम से समां बांध दिया। मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक माता पंकज संधीर ने बुजुर्ग महिलाओं को मालाएं व चूड़ियां पहनाकर और हाथों पर मेहंदी लगाकर तीज की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि तीज-त्योहार से बुजुर्गों में नई ऊर्जा का संचार हो जाता है।

कैमरी रोड स्थित मोक्ष वृद्धाश्रम में श्रीकृष्ण व राधा के विग्रह को विराजमान करके और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए हरियाली तीज संकीर्तन की शुरूआत की गई। भजनों के माध्यम से प्रभु की महिमा सुनकर बहुत से बुजुर्ग झूमने लगे। कई बुजुर्गों ने भजन गाकर अपने इष्ट की आराधना भी की। इसके साथ ही भजन मंडली की महिलाओं व मोक्ष वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं ने नाचते हुए उत्सव का मौहाल बना दिया। सभी बुजुर्ग पूरे उत्साह व उमंग से लबरेज दिखाई दिए।माता पंकज संधीर, सुचेता सर्राफ व वैशाली जैन ने शुक्रवार काे बताया कि सामाजिक सरोकारों से जुड़कर मोक्ष वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के लिए समय-समय सामाजिक व धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इसी कड़ी में तीज महोत्सव व हरियाली तीज संकीर्तन का आयोजन किया गया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top