
धर्मशाला, 09 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांगड़ा के नजदीक कछियारी में 5 करोड़ से बनने वाली नई सब्जी मंडी का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इस परियोजना के लिए बजट निर्धारित कर दिया गया है। सब्जी मंडी के निर्माण को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शिमला से तकनीकी विशेषज्ञ और दिल्ली से वास्तुकार सलाहकार ने बुधवार को सब्जी मंडी के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। एपीएमसी और हिमाचल कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन निशु मोंगरा ने निरीक्षण टीम का नेतृत्व किया।
उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों ने स्थल को उपयुक्त पाया है। अब डिजाइन और लागत अनुमान तैयार किया जाएगा। एक महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। नई सब्जी मंडी में 50 से अधिक दुकानें होंगी। किसानों के लिए आधुनिक सुविधाएं जैसे पार्किंग, शौचालय और बैठने की जगह उपलब्ध होगी।
यह सब्जी मंडी जिला के कांगड़ा, धर्मशाला, शाहपुर और नगरोटा बगवां के किसानों और बागवानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर यह परियोजना शुरू की जा रही है। कांगड़ा सदर क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, कृषि और बागवानी के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। यह सब्जी मंडी इन विकास कार्यों की कड़ी का हिस्सा है। उधर इस सब्जी मंडी के बन जाने से कांगड़ा बाजार में आम लोगों को भी राहत मिलेगी।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
