
जलपाईगुड़ी, 09 अगस्त (Udaipur Kiran) । जलपाईगुड़ी केंद्रीय सुधार गृह में एक फांसी की सजा प्राप्त कैदी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक का नाम सुरेश राय है, जो सिलीगुड़ी के उदय कॉलोनी का निवासी था और हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। सुरेश राय को 29 मार्च को जलपाईगुड़ी अदालत ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी। सजा के बाद से ही वह जेल के एक अलग सेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार, बीती रात सुरेश राय को उसके सेल में कपड़े से बने फंदे के साथ लटका पाया गया। जेलकर्मियों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर जेल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सुधार गृह प्रशासन इसे एक आत्महत्या मान रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद जेल में तनाव का माहौल बन गया। कुछ महीने पहले इसी जेल में पोक्सो मामले के एक विचाराधीन आरोपित ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, जांच के हित में जेल प्रशासन ने विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया है। मृतक के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
(Udaipur Kiran) / अनिता राय
