मुंबई, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि नंदुरबार की पूर्व सांसद डॉ. हीना गावित सहित कई नेताओं का निलंबन रद्द कर दिया गया है। साथ ही अन्य दलों के कई कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल किया गया है।
रवींद्र चव्हाण मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। चव्हाण ने बताया कि आज कराड की पूर्व महापौर और पार्षद शारदा जाधव, कराड जनशक्ति अघाड़ी के अध्यक्ष और पूर्व पार्षद अरुण जाधव, कोल्हापुर के दंत चिकित्सक डॉ. विजयसिंह गायकवाड़ अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। रवींद्र चव्हाण ने बताया कि आज नंदुरबार की पूर्व सांसद डॉ. हीना गावित, लातूर जिले के पूर्व विधायक बब्रुवन खंडाडे, गणेश हाके, ज्ञानोबा बड़गिरे, अहमदपुर के डॉ. सिद्धार्थ कुमार सूर्यवंशी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई को रद्द कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने सभी का पार्टी में स्वागत किया।
इस अवसर पर उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, वरिष्ठ नेता आ. डॉ. विजयकुमार गावित, आ. डॉ. अतुलबाबा भोसले, प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम पावस्कर, प्रदेश महासचिव आ. विक्रांत पाटिल, प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बान, पूर्व विधायक वैभव पिचड़ आदि उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
