RAJASTHAN

सूर्यदेव रविवार को करेंगे वृश्चिक राशि में प्रवेश

ग्रह गोचर: नवंबर में तीन बड़े ग्रह करेंगे राशि परिवर्तन

जयपुर, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । सूर्यदेव रविवार 16 नवंबर को दोपहर एक बजकर चवालीस म‍िनिट पर वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। इस राशि में पहले से ही बुध विराजमान हैं। इसके अलावा सेनापति मंगल भी इसी राशि में मौजूद है। वृश्चिक राशि के स्वामी ग्रह स्वयं मंगल हैं, इसलिए उनका प्रभाव और भी कई गुना बढ़ गया है।

ज्योतिषाचार्य बनवारी लाल शर्मा के मुताबिक ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों की स्थिति और उनके राशि परिवर्तन को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। जब कोई ग्रह एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करता है, तो उसका हर प्रभाव व्यक्ति के जीवन में शुभ और अशुभ दोनों रूपों में दिखाई देता है। ज्योतिष में सूर्य देव को ग्रहों का राजा कहा गया है। यह परिवर्तन कई राशियों के जातकों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएगा। इस अवधि में कुछ राशियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी, क्योंकि जीवन के कुछ क्षेत्रों में चुनौतियां बढ़ सकती हैं। सूर्य-बुध और मंगल में मित्रता का भाव है। इसलिए वृश्चिक राशि में बना यह त्रिग्रही योग कुछ राशि वालों के लिए कल्याणकारी हो सकता है। इसके प्रभाव से जातकों के अटके काम पूरे, नए व्यापार का प्रारंभ, घर-मकान खरीदने की इच्छा जैसे अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।

इन राशियों पर रहेगी कृपा

मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों के लिए समय खास रहने वाला है। आपके परिवार में किसी नए सदस्य का आगमन होगा। घर और बाहर दोनों जगह मान-सम्मान की प्राप्ति संभव है। परिवार के सदस्यों से सहयोग से नए काम का प्रारंभ करेंगे। किसी मित्र या संबंधी के माध्यम से कला के क्षेत्र में नया अवसर प्राप्त हो सकता है। भाग्योदय होने से अटके काम पूरे होंगे। सरकारी नौकरी की तैयारी में लगे उम्मीदवारों को भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। आपकी मन की इच्छाएं भी पूरी होंगी।

तुला राशि: तुला राशि वालों के लिए समय शुभ रहेगा। आपकी आय में वृद्धि होगी। मेहनत से आपकी इनकम में वृद्धि के अच्छे योग बनेंगे। विवाह में आ रही बाधाएं दूर होंगी। इस समय वाहन या घर व अन्य सोना-चांदी में आप पैसा लगा सकते हैं। घर से दूर रह रहे लोगों को परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। व्यापार में इस दौरान कोई नई डील हासिल हो सकती है। रचनात्मक गतिविधियों में अच्छे परिणामों की प्राप्ति संभव है।

वृश्चिक राशि: आपके विवाह के मार्ग में आ रही बाधाएं दूर होंगी। जीवन में किसी खास की दस्तक से मन प्रसन्न रहने वाला है। नई डील्स मिल सकती हैं और मुनाफा बढ़ सकता है। इस समय कार्यक्षेत्र में अच्छी प्रगति देखने को मिलेगी। दांपत्य जीवन पहले से अधिक मधुर और सुखद रहेगा। निवेश में लाभ होगा। दोस्तों के साथ निवेश की योजना का हिस्सा बनेंगे। नए लोगों से मिलकर किसी छोटे-मोटे काम की शुरुआत करेंगे। भविष्य के लिए योजनाएं बनाने का अनुकूल समय होगा।

इन राशियों को बरतनी होगी सतर्कता

वृषभ राशि : सूर्य के वृश्चिक राशि में प्रवेश से वृषभ राशि वालों के व्यापार में हानि की आशंका रहेगी। किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान या संपत्ति से जुड़ा विवाद भी सामने आ सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी रखनी होगी और स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस दौरान धन बचाने में कठिनाई हो सकती है, इसलिए खर्चों पर नियंत्रण रखें।

कर्क राशि :इस राशि के जातकों के लिए यह गोचर चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है, साथ ही माता-पिता के साथ मतभेद की स्थिति भी बन सकती है। किसी नए कार्य की शुरुआत के लिए यह समय अनुकूल नहीं रहेगा। भावनाओं में बहकर कोई निर्णय न लें, वरना रिश्तों में दरार भी आ सकती है।

कन्या राशि: सूर्य का यह गोचर इस राशि के जातकों के लिए मानसिक तनाव और अस्थिरता लेकर आ सकता है। आपके प्रेम संबंधों में दरार या गलतफहमियां बढऩे की संभावना है। आपकी बातों से किसी का मन आहत हो सकता है, इसलिए वाणी पर नियंत्रण रखें। आर्थिक नुकसान हो सकता है और पारिवारिक अपेक्षाओं को पूरा करना कठिन रहेगा। छात्रों को पढ़ाई में मनचाही सफलता पाने में कठिनाई आएगी

सूर्य देव को प्रसन्न करने के लिए करें ये उपाय

सूर्य देव का आशीर्वाद पाने के लिए प्रतिदिन प्रात: काल उठकर उन्हें जल अर्पित करें। रविवार के दिन व्रत रखें और पिता और वरिष्ठजनों का आदर करें। गायत्री महामंत्र का अधिकतम जप करें। गायत्री यज्ञ में आहुतियां प्रदान करें। अपने गुस्से पर नियंत्रण रखें और सभी से विनम्र व्यवहार करें। जरूरतमंदों की सहायता करें और दान-पुण्य में आगे बढ़ें। इन उपायों को करने से सूर्य देव प्रसन्न होते हैं।

—————

(Udaipur Kiran)