Uttar Pradesh

देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधे पर : सुरेश खन्ना

अभाविप के मंच से बोलते सुरेश खन्ना

अभाविप के अधिवेशन में वित्त मंत्री ने किया युवाओं का आह्वान

बलिया, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोरक्ष प्रान्त के 65वें प्रान्त अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार को शहर के टीडी कालेज परिसर में स्थापित मंगल पाण्डेय नगर में किया। वित्त मंत्री ने युवाओं से कर्म को सर्वोपरि रखने की अपील की।

उन्होंने कहा लक्ष्य की प्राप्ति तक कर्म करते रहना चाहिए।

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि हमारी आलोचना सम्प्रदायिकता को लेकर हमारी आलोचना होती है, लेकिन अभाविप पूरी दुनिया को एक परिवार मानता है। जबकि देश की बड़ी अल्पसंख्यक आबादी सह अस्तित्व को नहीं मानती। ऐसे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बहुत आवश्यकता है। इसके कार्यकर्ता सह अस्तित्व के लिए कार्य कर रहे हैं। श्री खन्ना ने कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता इसी बात की है कि हम किस प्रकार से काम करें कि देश आगे जाए। युवाओं के कंधे पर यह जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि अभाविप साध्य को प्राप्त करने के लिए गलत साधनों का इस्तेमाल नहीं करता। मैकाले की शिक्षा नीति ने देश का बहुत नुकसान किया, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान केंद्र सरकार ने भारतीय शिक्षा पद्धति को अंगीकार करते हुए नई शिक्षा नीति बनाई है। प्रारम्भ से जो संस्कार व्यक्ति को मिलते हैं वही उसके व्यक्तित्व का आधार बनता है।

वित्त मंत्री ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को देश के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि इससे बीमारियां होती हैं, लेकिन हमारे देश के लोगों को ऐसे संस्कार नहीं दिए गए।

वहीं, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राष्ट्र निर्माण के लिए युवा तैयार करने वाला संगठन है। बलिया क्रन्तिकारी धरती है। यहां के अधिवेशन के बाद कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में संलग्न होंगे।

अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजकरण शाही ने कहा कि बलिया साधना, सृजन और संवैधानिक मूल्यों के लिए संघर्ष की भूमि है। अभाविप छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में बदलने का निरंतर कार्य कर रहा है। अभाविप शिक्षा में भारतीय संस्कृति पर जोर देता है। भारतीय संस्कृति से ही देश आधुनिकता की ओर आगे बढ़ सकता है। यह अधिवेशन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिए प्रेरणा देगा। इसके पहले स्वागत अध्यक्ष रमेश चंद्र सराफ ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर अभाविप के प्रान्त मंत्री शशिकांत मंगलम गुप्ता, सुरजीत जी, मगध विवि गया के कुलपति प्रो केएन सिंह, घनश्याम शाही, अखिलेश्वर, कौशलेन्द्र गिरी, अरविंद शुक्ल, शिवम पाण्डेय, प्रशांत राय बंटी आदि थे। आभार कीर्ति शेखर पाठक ने किया।

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी