CRIME

अजयराज हत्याकांड: चित्तौड़गढ़ पुलिस को सफलता, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ की सदर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में गिरफ्तार किए आरोपित।

चित्तौड़गढ़, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गत जून माह में हुई अजयराज सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित ईश्वर सिंह डेट सहित एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में एक अन्य मुख्य आरोपित भैरू झूंपड़ा फरार है, जिसकी भी पुलिस तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार किए आरोपितों को कोर्ट में पेश किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरितासिंह ने बताया कि शहर के कोतवाली थाना इलाके में गत एक जून की रात को हत्या की घटना हुई थी। मोडजी का मिन्नाणा निवासी अजयराजसिंह की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। इस मामले में नामजद आरोपित गंगरार थाना क्षेत्र के डेट निवासी ईश्वरसिंह फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर मामले में अनुसंधान कर रहे सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह के अलावा कोतवाली थाना अधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में गठित टीम विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी। इस आरोपित के उदयपुर में होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस ने उदयपुर में दबिश दी। आरोपित ईश्वर सिंह को पुलिस ने उदयपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ एक अन्य आरोपित राजपाल सिंह को भी इसके गांव चौकिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों ही आरोपितों से पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। वहीं इसी मामले में नामजद एक अन्य आरोपित भैरू झूंपड़ा अब भी फरार है। इसकी भी पुलिस तलाश में जुटी हुई है। अब तक इस मामले में कुल 30 नामजद आरोपितों में से 19 आरोपित गिरफ्तार हुए हैं। जानकारी के अनुसार गत एक जून की रात को अजयराज सिंह अपने साथी ओमकार शर्मा, गजेंद्रसिंह चौहान, शैलेंद्रसिंह के साथ सेमलपुरा चौराहा से कोटा मार्ग स्थित एक होटल पर खाना खा रहा था। इसी दौरान बजरी विवाद को लेकर अजयराज के विरोधी गुट के लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान फायरिंग की और दो कारों में भी आग लगा दी थी।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top