
धमतरी, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के आव्हान पर 18 अगस्त से प्रदेश के समस्त एनएचएम कर्मचारी अपने लबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन गांधी मैदान में किया जा रहा है। हड़ताल पर जाने से जिले में कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई है। 15 वें दिन भी बारिश के बीच हड़ताल जारी रही। एक सितंबर काे गांधी मैदानके पास कुप्रथा का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया।
18 अगस्त से प्रदेशभर के 16000 से अधिक एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं जिसमें धमतरी जिले से 593 कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों के हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही है। एक सितंबर को 15वें दिन हड़ताली कर्मचारी गांधी मैदान में बारिश के बीच बैठकर जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने कहा कि बर्खास्तगी की नोटिस का विरोध करते हैं। आगे आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदेश के 1600 हर्मचारियों की हड़ताल का दुर्ग सांसद विजय बघेल ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि 20 सालो से काम कर रहे हैं। घोषणा पत्र में भी इनकी मांगों को शामिल किया गया था। मुख्यमंत्री और केन्द्र स्तर की मांगों को पूरी कराने का प्रयास करूंगा। इसके लिये एनएचएम कर्मचारी संघ ने सांसद का आभार व्यक्त किया है। मालूम हो कि अपने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश की मितानिन सात अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिसमें धमतरी जिले से 1600 मितानिन भी शामिल हैं। संघ की हेमलता साहू ने बताया कि चार सितंबर को सीएम और स्वास्थ्य मंत्री का घेराव किया जाएगा। जमीनी स्तर पर गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है।
एनएचएम कर्मचारियों की प्रमुख मांगे: संविलियन-स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे का निर्धारण, कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता, लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि। नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण, अनुकम्पा नियुक्ति। मेडिकल एवं अन्य अवकाश की सुविधा दी जाए, स्थानांतरण नीति बनाई जाए, न्यूनतम 10 लाख कैसलेश चिकित्सा बीमा हो आदि मांगे शामिल है।
जारी की गई है नोटिस: धमतरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा यूएल कौशिक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी हड़ताली एनएचएम के कर्मचारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए नोटिस जारी किया गया है। जिसमें ज्वाइन नहीं करने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी गई है। शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। एनएचएम और मितानिनों के हड़ताल से थोड़ा प्रभावित तो जरूर हुआ है। रेगुलर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
