फरीदाबाद, 3 सितंबर (Udaipur Kiran) । सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बाढ़ से संबंधित किसी भी प्रकार की फेक न्यूज, अफवाह या भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जिला उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में गलत या अप्रमाणिक जानकारी फैलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन में दहशत फैलाने का कारण भी बनता है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे आधिकारिक अपडेट ही वास्तविक और प्रमाणिक जानकारी है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे केवल प्रशासन द्वारा साझा की गई सूचनाओं पर ही विश्वास करें और किसी भी अपुष्ट खबर को आगे न बढ़ाएं। डीसी विक्रम सिंह ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में अफवाहों से बचना और सही जानकारी साझा करना समाज की जिम्मेदारी है।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
