
मुंबई, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में स्वर्गीय मीनाताई बालासाहेब ठाकरे की प्रतिमा पर बुधवार को लाल रंग फेंकने से दादर और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। गृहराज्यमंत्री योगेश कदम ने बताया कि लाल रंग फेंकने वाले को ढ़ूंढऩे के पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। बहुत जल्द रंग फेंकने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि मीनाताई शिवसेना कार्यकर्ताओं के हृदय में रहती थीं। उनकी प्रतिमा पर रंग फेंकने की घटना से उन्हें बेहद दुख हुआ है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है, बहुत जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि इस घटना से शिवसैनिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। रंग डालने का काम सुबह से सात बजे के बाद किया गया है। मीनाताई की प्रतिमा पर रंग फेंकने का काम किस उद्येश्य से किया गया, इसकी जांच जरुरी है।
किशोरी पेडनेकर ने कहा कि मीनाताई के बेटे और शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने इस घटना के बाद संयम बनाए रखने का आदेश दिया है। मनसे अध्यक्ष और मीनाताई के बहन के बेटे राज ठाकरे ने इस घटना की सारी जानकारी ली है, उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने की अपील की है। मीनाताई की प्रतिमा पर रंग फेंके जाने की जानकारी मिलते ही शिवसेना यूबीटी के सांसद अनिल देसाई, नेता मिलिंद नार्वेकर, स्थानीय विधायक, पूर्व मंत्री दिवाकर रावते तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को साफ कर दिया गया है। इस घटना की छानबीन शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
