
रांची, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । देशभर के चलाए जा रहे स्वस्थ नारी, सशक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, नई दिल्ली की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में देशभर से लगभग ढाई हजार से अधिक प्रतिनिधि जुड़े।
बैठक में अभियान के अंतर्गत बनाए गए डैशबोर्ड को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और बताया गया कि डेटा को किस प्रकार समय पर और सही तरीके से अपडेट किया जाए। इसके साथ ही सभी राज्यों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया। ताकि अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।
झारखंड से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जीवीआई कैंपस, नामकुम से अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा अपनी टीम के साथ बैठक में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे अभियान की प्रगति और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में बताया।
यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में संचालित किया जा रहा है। स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना, मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना एवं जन-जन को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता से जोड़ना है।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
