लखनऊ, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अन्तर्गत वर्ष 2023-24 व 2024-25 की राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत और माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 15 अक्टूबर तक किया जायेगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ महेन्द्र देव ने बताया कि यह आयोजन 13 से 15 अक्टूबर तक लखनऊ पब्लिक कॉलेजिएट, रुचि खंड-1 शारदा नगर, बंगला बाजार रोड, लखनऊ में किया जायेगा, जिसमें जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता वर्ष 2023-24 के 129 और वर्ष 2024-25 के 347 चयनित छात्र-छात्राओ द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय तथा इंस्पायर-मानक योजना के राज्य सह नोडल ऑफिसर विवेक नौटियाल ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत द्वारा वर्ष 2023-24 में 1940 छात्र-छात्राओं और वर्ष 2024-25 में 5834 छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विचारों का चयन किया गया था और प्रोजेक्ट-मॉडल तैयार करने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप रू0 10 हजार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना के माध्यम से सम्बन्धित छात्र-छात्रा के बैंक खातों में ऑनलाईन अन्तरण किया गया था।
जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिताओं में वर्ष 2023-24 में 83 छात्र तथा 46 छात्रा इस प्रकार कुल 129 चयनित छात्र-छात्राओं द्वारा 13 अक्टूबर को और वर्ष 2024-25 में 208 छात्र तथा 139 छात्रा इस प्रकार कुल 347 चयनित छात्र-छात्राओं द्वारा 14 एवं 15 अक्टूबर को राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता अपने प्रोटोटाइप मॉडल-परियोजनाए प्रस्तुत किया जायेगा।
नौटियाल ने यह भी बताया कि छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रोटोटाइप मॉडल-परियोजनाओं का मूल्यांकन राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत, इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी विभाग, डॉे अब्दुल कलाम तकनीकी विशविद्यालय, अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन-आर0डी0एस0ओ0, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, इसरो-टेलीमेट्री ट्रैकिंग एण्ड कमाण्ड नेटवर्क, राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान, भौतिकी विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय आदि के नामित वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों की जूरी द्वारा किया जायेगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा चयनित छात्रों को सकुरा एक्सचेंज कार्यक्रम के अन्तर्गत जापान भी भेजा जाएगा।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
