मुंबई, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि उनकी सरकार मुंबईकरों के घर के सपने को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीडीडी चॉल निवासियों को पुनर्विकास के माध्यम से निर्मित 556 फ्लैटों का वितरण मुंबईकरों के हक़ के घर के सपने के पूरा होने की शुरुआत है।
महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को माटुंगा स्थित यशवंत नाट्य मंदिर में 556 पुनर्वास फ्लैटों का वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सरकार ने बीडीडी चॉलों के पुनर्विकास की लंबे समय से चली आ रही बाधा को दूर कर आम मुंबईकरों को उनके हक का घर दिलाने की दिशा में कदम उठाया है। अब तक यह परियोजना विभिन्न कारणों से 20 से 25 वर्षों से रुकी हुई थी। सरकार ने बिना किसी डेवलपर की नियुक्ति किए सीधे म्हाडा के माध्यम से इस परियोजना को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया। वैश्विक निविदाएं जारी करके यह काम शुरू किया गया। इसमें जगह का सर्वोत्तम उपयोग, सौर ऊर्जा, वर्षा जल निकासी, अपशिष्ट प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि ने कहा कि इस परियोजना के भूमिपूजन के बाद भी कई समस्याएँ आईं। हालाँकि, सभी लोगों के सहयोग से समस्याओं का समाधान हो गया। अब, पहले चरण में लगभग 556 परिवारों को चाबियाँ दी जा रही हैं। दूसरा चरण अक्टूबर-नवंबर में और तीसरा चरण दिसंबर में पूरा हो जाएगा, और वर्ली के सभी बीडीडी चॉल निवासियों को घर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस के लिए 50 लाख रुपये के घर की कीमत केवल 15 लाख रुपये तय की गई है। इसलिए, पुलिस कर्मियों को भी एक उचित मूल्य घर मिलेगा। अभ्युदय नगर, जीटीबी नगर सहित अन्य पुरानी कॉलोनियों का पुनर्विकास भी चल रहा है। धारावी पुनर्विकास ने भी गति पकड़ी है और 10 लाख से अधिक आबादी वाले इस क्षेत्र को एक ‘नए शहर’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां के सभी निवासियों को पात्र बनाकर घर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। धारावी में व्यवसायों को पाँच वर्षों तक कर रियायतें दी जाएंगी। धारावी एक औद्योगिक कॉलोनी बनेगी और वहाँ रोजग़ार के अवसर भी पैदा होंगे।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरहे, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवप्रवर्तन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, गृह निर्माण राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर, सांसद मिलिंद देवड़ा, विधायक सर्वश्री सुनील शिंदे, कालिदास कोलंबकर, सचिन अहीर, महेश सावंत, पूर्व विधायक सदा सरवणकर, किरण पावस्कर आदि उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
