Madhya Pradesh

महिलाओं- किसानों के सशक्तिकरण की राह पर तेजी से बढ़ रही प्रदेश सरकारः लता वानखेड़े

लता वानखेड़े (फाइल फोटो)

– भाजपा ने किया राज्य मंत्रिमंडल के निर्णयों का स्वागत, मुख्यमंत्री का जताया आभार

भोपाल, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद लता वानखेड़े ने सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने लाडली बहना योजना की राशि 1250 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने को मंजूरी दी है। साथ ही भावांतर योजना की राशि किसानों के खातों में डालने, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उत्साहपूर्वक मनाने एवं ओंकारेश्वर में विकसित किए जा रहे अद्वैत धाम के संबंध में भी निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश सरकार के इन निर्णयों से स्पष्ट होता है कि महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार बहुत तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसके अलावा विकास के साथ संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। लता वानखेड़े ने मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इन निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।

बहनों से किया वादा निभा रही प्रदेश सरकार

भाजपा की प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े ने कहा कि लाडली बहना योजना की शुरुआत में बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये दिये जाते थे, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस राशि को बढ़ाये जाने की बात कही थी। बाद में इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने की घोषणा की थी और भाई-दूज पर बहनों के खातों में 250 रुपये की अंतर राशि डाल दी थी। अब राज्य मंत्रिमंडल ने भी लाडली बहना योजना की राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने को स्वीकृति दे दी है। आगामी माह से अब बहनों के खातों में पूरे 1500 रुपये ही आएंगे। कांग्रेस नेताओं ने इस योजना को लेकर प्रदेश की बहनों और नागरिकों को गुमराह करने के भरसक प्रयास किए, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने निर्णयों से कांग्रेस का यह प्रोपेगंडा झूठा साबित हो गया है।

किसानों के हित सर्वोपरि

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार अपनी शुरुआत से ही कृषि और किसानों की बेहतरी के लिए समर्पित रही है। सरकार के निर्णयों और किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि मध्य प्रदेश को लगातार कृषि कर्मण अवार्ड मिल रहा है। समर्थन मूल्य पर उपज की खरीदी हो, या फसल बीमा योजना सरकार के प्रयासों ने किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण किया है। सरकार के इन्हीं प्रयासों की कड़ी में राज्य मंत्रिमंडल ने सोयाबीन किसानों के खातों में भावांतर की राशि जमा किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगामी 13 तारीख को प्रदेश के 1,32,000 किसानों के खातों में 300 करोड़ की भावांतर राशि जमा करेंगे। प्रदेश सरकार ने फसलों को हुई क्षति का मुआवजा फसलों के बाजार में आने से पहले ही किसानों को दे दिया है। इसके अलावा सरकार किसानों के बकाया बिजली बिलों को लेकर समाधान योजना भी चला रही है।

धूमधाम से मनेगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

लता वानखेड़े ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाए जाने का निर्णय लिया है। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और अलीराजपुर में होंगे। जबलपुर में होने वाले कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जुड़ेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों में शिक्षा, खेल, कला आदि विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सामाजिक संगठनों की भी सहभागिता रहेगी। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने ओंकारेश्वर में विकसित हो रहे अद्वैत धाम के निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को भी स्वीकृति दे दी है ताकि अद्वैत धाम के विकास में देरी न हो। सरकार के ये निर्णय बताते हैं कि विकास के साथ-साथ संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन भी प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

(Udaipur Kiran) तोमर