HimachalPradesh

दिवाली से पहले पेंशनरों व आपदा प्रभावितों को राहत, जल्द होगा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का ऐलान : सुक्खू

मुख्यमंत्री समीक्षा करते हुए

शिमला, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने पेंशनरों और आपदा प्रभावित परिवारों के लिए दिवाली से पहले बड़ी राहत की घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद जनता को राहत देने के प्रयास निरंतर जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में

बताया कि राज्य सरकार ने पेंशनरों का लंबित मंहगाई भत्ता (डी.ए.) जारी करने का निर्णय लिया है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को दिवाली से पहले बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2025 से 15 अक्तूबर तक का डी.ए. दिवाली से पहले पेंशनरों के खाते में पहुंच जाएगा। सुक्खू ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदेश निर्माण में अहम योगदान दिया है। उनकी खुशहाल दिवाली सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एचआरटीसी पेंशनरों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इसके लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है ताकि सभी पेंशनरों को समय पर पेंशन का भुगतान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार हर माह एचआरटीसी पेंशनरों को लगभग 57 करोड़ रुपये का भुगतान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के लिए भी विशेष राहत पैकेज का एलान किया गया है। उन्होंने कहा कि मानसूनी आपदा से प्रभावित परिवारों को प्रदेशभर में राहत दी जाएगी। प्रत्येक प्रभावित परिवार को घर निर्माण के लिए 7 लाख रुपये और रसोई के बर्तन व आवश्यक सामान के लिए 70 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की प्रतीक्षा कर रही है। जैसे ही यह राशि प्राप्त होगी, हम पूरे प्रदेश में राहत कार्य शुरू करेंगे। अगर केंद्र से राशि में देरी होती है, तो राज्य सरकार अपने संसाधनों से ही आपदा पीड़ितों की मदद करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति से जुड़ी सोशल मीडिया की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सोशल मीडिया की हर बात सत्य नहीं होती। जब तक पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस विषय पर पार्टी अक्टूबर के अंत या नवंबर के पहले सप्ताह में निर्णय लेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हर घर में खुशियां, उमंग और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य जनता के कल्याण और पारदर्शी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। दीपावली का यह पर्व प्रदेश में नई रोशनी और नई उम्मीद लेकर आए, यही हमारी कामना है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top