RAJASTHAN

धौलपुर में श्रद्धा और उल्लास से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

धौलपुर में श्रद्वा और उल्लास से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

धौलपुर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran) । योग योगीश्वर तथा जन-जन के आराध्य भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शनिवार को धौलपुर जिले में पारम्परिक हर्षाेल्लास और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर तथा घरों पर प्रकाटयोत्सव मनाए गए। श्रद्वालुओं ने पूरे विधि विधान के साथ में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगीं।

जन्माष्टमी पर्व के मौके पर मंदिरों समेत अन्य इलाकों में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए। आज सुबह से ही घर तथा मंदिरों में जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं थीं। शहर के मचकुंड सरोवर स्थित प्राचीन लाडली जगमोहन जू सरकार मंदिर में छप्पन भोग और फूल बंगला की आकर्षक झांकी सजाई गई। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया तथा श्रीकृष्ण एवं लाडली जू के विग्रहों को पारंपरिक पोषाक धारण कराई गई। शाम को मचकुंड सरोवर क्षेत्र में भजन संध्या का आयोजन संपन्न हुआ। जन्माष्टमी के मौके पर रियासतकालीन नृसिंह महाराज मंदिर, राधा बिहारी मंदिर,अदालत परिसर के गिर्राज महाराज मंदिर, मार्कण्येश्वर मंदिर,पेचवाले हनुमान मंदिर,मां संतोषी मंदिर, पैलेस रोड के दाउजी मंदिर और महामाया मंदिर समेत अन्य मंदिरों पर हिंडोले सजाए गए। श्रद्वालुओं ने अपने घरों पर भी हिंडोले सजाए,जिनमें छोटे बच्चों को भी भगवान श्रकृष्ण के स्वरूपों में सजाया गया। मंदिरों पर पर सुबह से ही अभिषेक तथा पूजा का क्रम शुरू हो गया,जो आधी रात तक चला। देर शाम विभिन्न मंदिरों के पट खुले,तो बडी संख्या में श्रद्वालुओं ने श्रीकृष्ण के दर्शन किए। मंदिरों पर भजन संध्या तथा भजन और संकीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आधी रात को जैसे ही भगवान के जन्म की घडी आई,तो मंदिरों में घंटे और घडियाल गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने शंख आदि बजाकर योगीश्वर भगवान श्रीकृष्ण के धरती पर अवतार लेने की अगवानी की। देर रात मंदिरों में आरती तथा प्रसाद वितरण के कार्यक्रम संपन्न हुए। आज रात को धौलपुर शहर में श्रीकृष्ण शोभा यात्रा भी निकाली गई। उधर,जन्माष्टमी पर्व के चलते मंदिरों पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने दौरा करके भी इंतजामों का जायजा लिया। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जनपद से बडी संख्या में श्रद्धालु मथुरा समेत अन्य तीर्थ स्थलों को भी गए हैं। उधर,जन्माष्टमी पर्व की श्रंखला में रविवार को नंदोत्सव समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रदीप

Most Popular

To Top