Madhya Pradesh

धार में तेज रफ्तार वाहन ने छात्राओं को रौंदा, 7 घायल, 2 की हालत गंभीर

धार में तेज रफ्तार वाहन ने छात्राओं को रौंदा

धार, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां आदिवासी छात्रावास की छात्राएं जैसे ही स्कूल के लिए निकलीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सात छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायल छात्राओं को कुक्षी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दो छात्राओं के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बाकी पांच को सामान्य चोटें लगी हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्राएं शासकीय आदिवासी सीनियर बालिका छात्रावास से पैदल स्कूल जा रही थीं। छात्रावास से स्कूल की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर है, जिसे छात्राएं प्रतिदिन पैदल तय करती हैं। इसी दौरान शनिवार काे अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। सभी छात्राएं 9वीं से 12वीं की हैं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। मौके पर पुलिस ने घटनास्थल से टायरों के निशान और टूटे वाहन के हिस्से भी जब्त किए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही छात्रावास और स्कूल स्टाफ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। घायल लड़कियों को कुक्षी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सिविल अस्पताल में दोपहर 12:30 बजे तक सभी घायल छात्राओं का उपचार जारी रहा। डॉक्टरों के मुताबिक, सात में से दो छात्राओं को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं।

घायल छात्राओं के नाम

पूजा पुत्री अंतरसिंह

बबिता पुत्री कैलाश

लक्ष्मी पुत्री रमेश

दिव्या पुत्री चमला

अर्पिता पुत्री मंशाराम

रिना पुत्री इंडूसिंह

सीमा पुत्री रणसिंह

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top