Uttar Pradesh

18 करोड़ की लागत से बने स्पंदन सरोवर और 15 करोड़ की लागत से तैयार वेस्ट म्यूजियम 15 अगस्त से होगा शुरू

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल

वेस्ट म्यूजियम का टिकट ₹50/- और स्पंदन सरोवर का शुल्क ₹100/-

मुरादाबाद, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । बीते सप्ताह मुरादाबाद के दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उद्घाटन किए गए स्पंदन सरोवर और वेस्ट म्यूजियम 15 अगस्त से आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। स्पंदन सरोवर 18 करोड़ रुपए की लागत से और वेस्ट म्यूजियम 15 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। वेस्ट म्यूजियम का टिकट 50 रुपए और स्पंदन सरोवर का 100 रुपए रखा गया है। तीन साल तक के बच्चों को दोनों ही जगह मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।

महानगर के बुद्धि विहार में 18 करोड़ रुपए की लागत से स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्पंदन सरोवर बनाया गया है। इसमें महानगरवासी लेजर शो का लोग आनंद ले सकेंगे। सतयुग से लेकर कलियुग और कल्कि अवतार तक की कहानी को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

हाईटेक वाटर पार्क के रूप में तैयार किए गए इस स्पंदन सरोवर में 100 मीटर ऊंचा पानी का फव्वारा, वाटर स्क्रीन, धार्मिक व ऐतिहासिक थीम पर आधारित लेजर शो और तालाब किनारे आकर्षक दर्शक दीर्घा बनाई गई है। यहां पर दर्शक परिवार सहित बैठकर शो का आनंद ले सकेंगे।

वहीं दूसरी ओर 15 करोड़ की लागत से कांशीराम नगर स्थित गौतम बुद्ध पार्क में बनाए गए देश के सबसे बड़े वेस्ट म्यूजियम में शहरवासी कूड़े के स्रोत, निस्तारण, जनभागीदारी, नगर निगम की भूमिका और स्टार्टअप मॉडल को डिजिटल माध्यम से देख सकेंगे। यहां इंटरैक्टिव गेम्स और कचरे से जुड़े व्यवसायिक मॉडल्स भी दिखाए जाएंगे। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने सोमवार को बताया कि दोनों स्थलों को स्वतंत्रता दिवस से जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top