
-छिछड़ाना गांव में राजबीर 259 वोटों
से तो जौली में अनुसूचित जाति महिला सीट पर रेनु 420 वोटों से बनी सरपंच
-पांची जाटान में मुकेश बनी पंच, 60 वोटों से जीत
सोनीपत, 15 जून (Udaipur Kiran) । सोनीपत
जिले के गांव छिछड़ाना, जौली और पांची जाटान में रविवार को हुए पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण
माहौल में संपन्न हुए। तीनों जगह मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लोकतंत्र की भावना
का परिचय दिया।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन
ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखी, और शाम छह बजे मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित
किए गए।
छिछड़ाना
में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में राजबीर ने 1,230 वोट हासिल कर सहदेव को 259 वोटों
से पराजित किया। सहदेव को 971, प्रवीण को 137, जगबीर को 12 और सुरेश को 6 वोट मिले।
चार मतदाताओं ने नोटा का चयन किया। यह उपचुनाव पूर्व सरपंच राजेश की हत्या (दिसंबर
2023) के कारण हुआ, जिसके बाद कार्यभार एक पंच को सौंपा गया था।
गांव
जौली में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित सरपंच पद पर रेनू पत्नी सेवा सिंह ने
रेनू पत्नी अरुण कुमार को 420 मतों के अंतर से हराया।
विजेता रेनु को 1,487 और विरोधी
रेनु को 1,067 वोट प्राप्त हुए। तीन मतदाताओं ने नोटा दबाया। पिछली बार जातिगत विवाद
के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए थे, जिन्हें अब न्यायालय की अनुमति के बाद संपन्न कराया
गया।
गन्नौर
के पांची जाटान गांव के वार्ड नंबर-4 में सामान्य महिला सीट पर मुकेश ने कविता को
60 वोटों से हराया। मुकेश को 112 और कविता को 52 वोट मिले। कुल 235 पंजीकृत मतदाताओं
में से 164 ने मतदान किया।
शांतिपूर्ण मतदान के बाद सहायक निर्वाचन अधिकारी विनोद शर्मा
ने मुकेश को निर्वाचन पत्र सौंपा। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। शांतिपूर्ण
चुनाव सम्पन्न होने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों से विजय का जश्न मनाया।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
