

-हरियाणा को विकास के शिखर पर लेकर
जाना हमारी प्रतिबद्धताः नायब सैनी
-हरियाणा में विकास और महिला सशक्तिकरण
की बड़ी सौगात
सोनीपत, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । सोनीपत में
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शरद नवरात्र के पहले दिन प्रदेशवासियों को
117 करोड़ रुपये की 557 परियोजनाओं का उद्घाटन कर सोमवार को बड़ी सौगात दी। यह कार्यक्रम
सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत डीसीआरयूएसटी मुरथल में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री
ने 72 महिला सांस्कृतिक केंद्र, 90 इनडोर जिम, 69 योग एवं व्यायामशालाओं, मुख्यमंत्री
किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 सड़कें और 225 गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट्स
का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही महिला स्वास्थ्य शिविर और स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान
का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री
ने कहा कि यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है, बल्कि हरियाणा को विकास की ऊँचाई
पर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 203 महिला सांस्कृतिक
केंद्र खोले जा चुके हैं, जहां महिलाएं अपनी प्रतिभा दिखा सकती हैं। उन्होंने कहा कि
महिलाओं के सशक्त होने से ही परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। नायब सिंह सैनी ने
कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और तंदरूस्त देखना है। फिटनेस
और योग को बढ़ावा देने के लिए 90 इनडोर जिम और 69 योग एवं व्यायामशालाएं खोली गई हैं।
प्रदेश में अब तक 892 योग एवं व्यायामशालाएं चालू हैं और योजना है कि हर गांव में जिम
उपलब्ध हों।
गांवों
के विकास पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया। उन्होंने बताया कि 695 गांवों में स्ट्रीट
लाइटें लगाई जा चुकी हैं और 588 ग्राम पंचायतों की कच्ची फिरनियों को 237.64 करोड़
रुपये से पक्का किया गया है। मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 नई सड़कें
बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन ग्राम उदय से भारत उदय को आगे बढ़ाते
हुए हरियाणा सरकार भी पंचायत संस्थाओं को सशक्त कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक
गांव में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है और जल्द ही इसमें पुस्तकें और कंप्यूटर
उपलब्ध होंगे। स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में भी महिला स्वास्थ्य शिविर और पोषण
माह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विकास
एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि ये परियोजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण,
युवाओं के स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। आयुष्मान योजना
और लिंगानुपात सुधार में योगदान देने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। विकास
एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव व मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत
कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में
हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर
पर सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, विधायक निखिल
मदान, पवन खरखौदा, देवेंद्र कादियान, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, मेयर राजीव
जैन, जिला अध्यक्षा अशोक भारद्वाज, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंइद्र मलिक, जिला महांमंत्री
नीरज ठरु और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रकाश सिंह, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त
सुशील सारवान आदि मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
