
रामगढ़, 7 नवंबर (Udaipur Kiran) । रामगढ़ समाज कल्याण विभाग में चेक चोरी की घटना ने जिले के तमाम अधिकारियों को चौका दिया है। विभागीय कर्मचारी के जरिये चेक चोरी कर भुगतान किए जाने की घटना तब उजागर हुई जब सरकारी खाते से पैसे की निकासी शुरू हो गई। इस मामले में समाज कल्याण पदाधिकारी इंदू प्रभा खालको ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में विभाग के निम्न वर्गीय कर्मचारी अभिषेक धान को अभियुक्त बनाया गया है।
चार चेक चोरी कर किया गया था भुगतान
समाज कल्याण पदाधिकारी इंदू प्रभा खालको ने पुलिस को बताया कि विभाग से 2 मई 2025 को चेक चोरी किया गया था। चेक संख्या 966728 से लेकर 966790 तक की चोरी अभिषेक धान के जरिये किया गया था। एसबीआई में सरकारी खाते के चेक से चार लोगों को भुगतान किया गया। चेक संख्या 966749 से 10000 की राशि प्रिया कुमारी, चेक संख्या 966748 से 10000 की राशि किरण कुमारी, चेक संख्या 966754 से 30000 रेखा कुमारी और चेक संख्या 966755 से 30000 निर्गत किया गया। जिसमें से बैंक की मिली भगत से सोनी कुमारी को चेक संख्या 966749 से 10000 की राशि निकासी की गई। जब घोटाला सामने आया तो जांच गंभीरता से हुई।
स्पष्टीकरण में अभिषेक ने स्वीकारी संलिप्तता
जांच के दौरान समाज कल्याण पदाधिकारी इंदू प्रभा खालको ने अभिषेक धान से 8 अक्टूबर 2025 को स्पष्टीकरण मांगा। स्पष्टीकरण के जवाब में अभिषेक ने यह स्वीकार किया कि उसने चेक चोरी की और रुपये की निकासी की। यहां तक कि 16 अक्टूबर को उसने एसबीआई में सरकारी खाता 32370986172 में गलत तरीके से निकाली गई 10 हजार की रकम को जमा भी करा दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश