RAJASTHAN

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग 1 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मनाएगा समाज कल्याण सप्ताह

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग 1 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मनाएगा 'समाज कल्याण सप्ताह'

जयपुर, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हर वर्ष की तरह आगामी 1 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश भर में समाज कल्याण सप्ताह मनाएगा।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार समाज कल्याण सप्ताह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जातियों, जनजातियों, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विशेष योग्यजन, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के विरूद्ध जनचेतना जाग्रत करना है।

गहलोत ने बताया कि सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों को दिवसों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर-अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, 2 अक्टूबर-अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस, 3 अक्टूबर-अपराधी सुधार दिवस, 4 अक्टूबर-बाल दिवस, 5 अक्टूबर-महिला एवं बालिका कल्याण दिवस, 6 अक्टूबर- जन चेतना दिवस और 7 अक्टूबर- विशेष योग्यजन कल्याण दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिला कलक्टर द्वारा प्रस्तावित एवं निर्देशित कराई गई अन्य गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा ने सभी जिला कलेक्टर्स को पत्र लिख स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के सहयोग से विभिन्न योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से क्रियान्वित करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाकर प्रति दिवस संपादित की जाने वाली गतिविधि के सम्बन्ध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, उद्योग एवं श्रम विभाग, स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों, दानदाताओं आदि की सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, बाल कल्याण समिति, नारी निकेतन छात्रावास देवनारायण छात्रावास दिव्यांग गृह एवं संबंधित अन्य संस्थाओं को भी आवश्यक रूप से शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top