जम्मू, 25 जून (Udaipur Kiran) । जम्मू के प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को उनकी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। शुक्ला अमेरिका के एक वाणिज्यिक मिशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की ओर रवाना हो रहे हैं, साथ ही उनके साथ एक प्रतीकात्मक खिलौना हंस भी इस यात्रा का हिस्सा है जो 1.4 अरब भारतीयों के सपनों का प्रतिनिधित्व करता है।
भाजपा के सामाजिक कार्यकर्ता आर.एल. कैथ ने कहा, शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रच दिया है। वह हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ मिलकर एक नई अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। यह हम सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी के प्रयासों से भारत आज वैश्विक अंतरिक्ष अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि 41 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय का दोबारा अंतरिक्ष में जाना पूरे देश के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने शुभांशु शुक्ला की सफलता की कामना करते हुए उन्हें दूसरे गगनयात्री के रूप में संबोधित किया। यह मिशन न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भारत के अंतरिक्ष विज्ञान और वैश्विक सहयोग की दिशा में एक और मजबूत कदम भी है।
(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा
