West Bengal

तेंदुए के हमले में युवती सहित छह लोग घायल

तेंदुए के हमले के बाद इलाके में दहशत

कूचबिहार, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । जंगल से निकलकर एक तेंदुआ इलाके में घुस आया। तेंदुए के हमले में एक युवती समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। शनिवार को हुई इस घटना से माथाभांगा-1 ब्लॉक के बैरागीरहाट ग्राम पंचायत के भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर स्थित सातगाछी में दहशत फैल गया।

जानकारी के अनुसार, प्रतिमा डाकुआ नामक एक युवती तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसकी हालत नाजुक है। युवती का उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जबकि बाकी पांच घायलों का माथाभांगा महकमा अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों के नाम बिनय बर्मन, जीबन बर्मन, गिरीश बर्मन, हरकांत रॉय और दिनेश बर्मन है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, प्रतिमा अपनी मां के साथ घर के बगल वाले खेत में धान काटने गई थी। तभी धान के खेत में छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। मां-बेटी की चीखें सुनकर आसपास के लोगों ने लाठी-डंडों से तेंदुए का पीछा किया। तेंदुए पास के एक घर में छिप गया। इसके बाद तेंदुए ने पांच और लोगों पर हमला कर दिया।

इस बीच, सूचना मिलने पर माथाभांगा थाने की पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया था कि तेंदुआ एक घर में छिपा है। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने घर को जाल से घेर दिया। आखिरकार घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज़र करने में सफल रहा। वन वभाग के मुताबिक, तेंदुए को बक्सा जंगल में छोड़ा जाएगा।

(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार